जगदलपुर, 24 जून 2026। बस्तर पुलिस ने लोहण्डीगुड़ा थाना क्षेत्र के तारागांव और परपा थाना क्षेत्र के धरमाउर में सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों कोमंगलवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, गलाए गए सोने-चांदी के डले, नकदी और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 11 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, तारागांव निवासी भगवती सरकार और उनके पति सदानंद सरकार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तारागांव और धरमाउर के सूने मकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरों को एक परिचित के माध्यम से गीदम के एक सोनार को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और गलाए गए डले, 5 हजार रुपये नकद तथा बिना नंबर की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 11 लाख 19 हजार रुपये आंकी गई है।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सूने मकानों में चोरी का खुलासा: 11 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार