बिलासपुर।10जून2026 सरकार के सुशासन तिहार कार्यक्रम में उस समय हंगामा मच गया जब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा-सिरगिट्टी के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू क्षेत्र की समस्याओं और शिकायतों का ज्ञापन लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंच गए। शिकायतों और स्थानीय मुद्दों को लेकर हुई तीखी बहस के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और उनके समर्थकों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बाहर निकालते समय पुलिस ने धक्का-मुक्की की, जिससे लक्ष्मीनाथ साहू जमीन पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लक्ष्मीनाथ साहू ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, कथित अवैध गतिविधियों, जुआ-सट्टा और अन्य जनसमस्याओं का मुद्दा उठाने की कोशिश की। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कुछ स्थानीय नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई, जिससे कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि विधायक धरमलाल कौशिक के कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा चुका था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों को दबाने का प्रयास किया गया और उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया।
वहीं सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण भी निराश नजर आए। भूमि, सीमांकन और नामांतरण जैसी राजस्व संबंधी शिकायतों के समाधान की उम्मीद लेकर आए ग्रामीणों ने मौके पर संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। कई लोग बिना समाधान के ही वापस लौट गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
सुशासन तिहार में सियासी बवाल: शिकायत लेकर पहुंचे कांग्रेस नेता को पुलिस ने बाहर निकाला, धक्का-मुक्की का आरोप