गीता प्रवचन के नाम पर महिलाओं का शोषण! मथुरा में स्वयंभू धर्मगुरु गिरफ्तार, रेप समेत गंभीर आरोप

3जून2026

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गीता प्रवचन और आध्यात्मिक ज्ञान के नाम पर महिलाओं का कथित रूप से शोषण करने वाले एक स्वयंभू धर्मगुरु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से गोवर्धन थाना क्षेत्र के राधाकुंड इलाके में रहकर ऑनलाइन गीता प्रवचन देता था और खुद को धार्मिक उपदेशक के रूप में प्रस्तुत करता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के प्रवचनों से प्रभावित होकर कई युवा और उच्च शिक्षित महिलाएं उसके संपर्क में आईं। धीरे-धीरे कुछ महिलाएं उसके आश्रमनुमा परिसर में रहने भी लगीं। आरोप है कि आरोपी ने धार्मिक और आध्यात्मिक प्रभाव का इस्तेमाल कर महिलाओं का मानसिक रूप से ब्रेनवॉश किया और लंबे समय तक उनका शोषण करता रहा।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान एक पीड़िता ने साहस दिखाते हुए सामने आकर अपनी आपबीती पुलिस को बताई। महिला का बयान दर्ज करने के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य महिलाओं ने भी शारीरिक और मानसिक शोषण के आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गोवर्धन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के संपर्क में कितनी महिलाएं आई थीं और क्या इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल थे। जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के धार्मिक या आध्यात्मिक दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार के शोषण या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *