ओडिशा में हैरान करने वाली घटना: 7वीं के दो छात्र स्कूल में बेहोश, शराब पीने के आरोप पर बवाल

नयागढ़ (ओडिशा)। ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक सरकारी स्कूल से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दासपल्ला हाई स्कूल में सातवीं कक्षा के दो छात्र कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और कुछ ही देर बाद परिसर में बेहोश हो गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र सुबह स्कूल पहुंचे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए अभिभावकों को सूचना दी। होश में आने के बाद छात्रों को उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल सुभाष चंद्र साहू ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि छात्र घर से ही शराब पीकर आए थे। उन्होंने कहा, “जैसे ही हमें जानकारी मिली, हमने तुरंत उनके माता-पिता को बुलाया। होश में आने के बाद बच्चों को परिवार के हवाले कर दिया गया।”
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में एक छात्र द्वारा स्कूल के सीसीटीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाने और उसके पास से मोबाइल फोन मिलने की घटना भी सामने आई थी।
वहीं, छात्रों के माता-पिता ने स्कूल के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। एक छात्र की मां का कहना है, “मेरे बेटे ने घर पर शराब नहीं पी थी। अगर उसने शराब पी है तो वह स्कूल में अन्य छात्रों के साथ पी होगी।”
घटना के बाद क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल परिसर में निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में क्या जांच होती है और सच्चाई सामने आने के बाद किसकी जिम्मेदारी तय की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *