रायपुर एयरपोर्ट पर कोकीन तस्करी का भंडाफोड़साबुन की टिकिया में छिपाकर ला रहा था नशा, DRI ने नाइजीरियन युवक को दबोचा

रायपुर | 28 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसे बेहद शातिर तरीके से साबुन की बट्टियों के भीतर छिपाकर लाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, पकड़ा गया युवक नाइजीरियन नागरिक है, जो दिल्ली से रायपुर आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से यात्रा कर रहा था। DRI को पहले से ही इनपुट मिला था कि इस फ्लाइट के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिश की जा सकती है। इसी आधार पर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई थी।
फ्लाइट के उतरते ही संदिग्ध यात्री की गतिविधियों पर नजर रखी गई। शक होने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के सामने चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच के दौरान उसके सामान से साबुन की टिकियों के अंदर छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद की गई। साबुन को विशेष तकनीक से काटकर उसके भीतर नशा छुपाया गया था, ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके।
गिरफ्तार युवक की पहचान हेनरी टोचक्यू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह रायपुर की रावतपुरा यूनिवर्सिटी में छात्र बताया जा रहा है और स्टूडेंट वीजा पर भारत में रह रहा था। हालांकि, जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि वह वास्तव में पढ़ाई कर रहा था या फिर शिक्षा की आड़ में नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था।
कार्रवाई के बाद आरोपी को सीधे DRI कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि कोकीन कहां से लाई गई थी और इसे रायपुर या आसपास के क्षेत्रों में किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
DRI अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *