पुराने लेन-देन के विवाद में चाकू से गले पर हमला, हत्या के प्रयास के दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 15 अगस्त 2026। थाना कुआकोंडा क्षेत्र के ग्राम बड़ेबेड़मा में पुराने लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के गले पर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जोगा मंडावी अपने परिचित पाण्डु सोरी और भूमा मंडावी के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पुराने लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने बकाया राशि की मांग करते हुए जोगा मंडावी के साथ मारपीट की और उसे पकड़कर चाकू से उसके गले पर वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल जोगा किसी तरह आरोपियों के कब्जे से छूटकर वहां से भाग निकला। अगले दिन उसकी पत्नी बुधरी मंडावी ने उसे गंभीर हालत में देखा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कुआकोंडा में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों को 14 अगस्त 2026 को न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *