बस्तर में 10 से 15 अगस्त तक देशभक्ति का माहौल, तिरंगा यात्रा से लेकर मशाल पदयात्रा तक होंगे भव्य आयोजन

विद्यालयों से ग्राम पंचायतों तक गूंजेंगे ‘जय हिंद’ के नारे, शहीद स्मारकों पर दी जाएगी श्रद्धांजलि | जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में 10 से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति और जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग ने विद्यालय, संकुल, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर छह दिवसीय विशेष अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जगदलपुर। 10अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में 10 से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति और जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग ने विद्यालय, संकुल, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर छह दिवसीय विशेष अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अमर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

10 अगस्त से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को विद्यालय स्तर पर देशभक्ति थीम पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता से होगी। इसके बाद विद्यालयों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। विद्यार्थी राष्ट्रीय ध्वज के साथ देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।

साइकिल और पदयात्रा से तिरंगे का संदेश

11 अगस्त को संकुल स्तर पर विद्यार्थियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता में साइकिल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 12 अगस्त को संकुल स्तर से विकासखंड मुख्यालय तक विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित रूप से पदयात्रा और तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

शहीद स्मारक तक पहुंचेगी तिरंगा यात्रा

जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल ने बताया कि 13 अगस्त को विकासखंड स्तर पर भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। यह यात्रा विकासखंड मुख्यालय से निकलकर क्षेत्र के किसी प्रमुख शहीद स्मारक तक पहुंचेगी। यहां स्वतंत्रता संग्राम और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा मशाल पदयात्रा

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को ग्राम पंचायत मुख्यालयों में शाम के समय ‘तिरंगा मशाल पदयात्रा’ निकाली जाएगी। हाथों में तिरंगा और मशाल लेकर ग्रामीण देशभक्ति के नारों के साथ इस यात्रा में शामिल होंगे।

यात्रा के समापन पर जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति गीत, काव्यपाठ और प्रेरणादायक व्याख्यान होंगे।

15 अगस्त को प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में ध्वजारोहण के बाद प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस दौरान विद्यार्थी देशभक्ति के नारे लगाएंगे। इसके साथ ही विद्यालयों में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छह दिवसीय यह अभियान बस्तर में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ते हुए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *