15 अगस्त पर रायपुर में सीएम साय, बस्तर में डिप्टी सीएम विजय शर्मा संभालेंगे कमान

रायपुर, 10 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त यानी 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में होने वाले मुख्य समारोहों में ध्वजारोहण और परेड की सलामी देने वाले अतिथियों की सूची जारी कर दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। वहीं, बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कबीरधाम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ध्वजारोहण करेंगे।

इसी तरह रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ध्वजारोहण करेंगे।

कई जिलों में सांसद और वरिष्ठ विधायक भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज, गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी और सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े ध्वजारोहण करेंगे।

वहीं कोरबा में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में धरमजीत सिंह, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में भैय्या लाल राजवाड़े और नारायणपुर में लता उसेंडी स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगी।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी लेंगे और जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *