रायपुर, 05 अगस्त 2026। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से खैरागढ़ जिले के विकासखंड छुईखदान की ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित ग्राम बिड़ौरी की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब गांव के सभी परिवारों को घर-घर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो गया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम बिड़ौरी में 40 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण कर व्यापक पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है। इसके माध्यम से 638 की आबादी वाले 150 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। नियमित जलापूर्ति से ग्रामीणों को अब घर बैठे स्वच्छ पेयजल मिल रहा है।
योजना लागू होने से पहले महिलाओं और बच्चों को पानी लाने के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों तक जाना पड़ता था। अब घर-घर नल से पानी पहुंचने से महिलाओं का समय और श्रम बच रहा है, वहीं बच्चों को पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के लिए अधिक समय मिल रहा है।
स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता से जलजनित बीमारियों की आशंका में कमी आई है और ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इससे गांव के लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की सुरक्षा और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से योजना के संचालन एवं रखरखाव को भी मजबूत बनाया गया है, जिससे इसकी निरंतरता सुनिश्चित हो रही है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्रामीणों से जल का सदुपयोग करने, अनावश्यक जल अपव्यय रोकने तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
ग्राम बिड़ौरी की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता मिलकर ग्रामीण जीवन में स्थायी बदलाव ला सकते हैं। जल जीवन मिशन केवल पेयजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेहतर स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण, समय की बचत और जीवन की गुणवत्ता में सुधार का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।