मुंबई में बारिश बनी मौत की वजह! मानखुर्द में तीन मंजिला चॉल ढही, 6 की दर्दनाक मौत, मलबे में अब भी फंसे होने की आशंका

मुंबई6जुलाई2026 लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बड़ा हादसा कर दिया। रविवार रात मुंबई के मानखुर्द स्थित जनता नगर इलाके में एक तीन मंजिला चॉल अचानक भरभराकर ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। आशंका है कि एक अन्य व्यक्ति अभी भी मलबे में फंसा हुआ है, जिसकी तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) समेत कई एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेसमेंट सहित तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई है। पांच लोगों को शताब्दी अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने राजावाड़ी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक घायल का उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, BMC, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार अभी भी एक व्यक्ति के लापता होने की आशंका है।

हालांकि लगातार हो रही भारी बारिश राहत कार्य में बड़ी बाधा बन रही है। पानी भरने और मलबे के अस्थिर होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीमें पूरी सतर्कता के साथ अभियान जारी रखे हुए हैं।

मुंबई में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन पहले से ही प्रभावित है। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के इलाकों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में यह हादसा जर्जर इमारतों की सुरक्षा और समय रहते उनकी मरम्मत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जर्जर भवनों और जोखिम वाले इलाकों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *