8जून2026
जगदलपुर/भानपुरी। बस्तर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम केशरपाल आवासपारा में एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केशरपाल आवासपारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध गांजा छिपाकर रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में रखे प्लास्टिक ड्रम के भीतर से 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 62 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी किशोर बघेल (36 वर्ष) निवासी केशरपाल आवासपारा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 20 (ख) (ii) (ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने जब्त गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिला बस्तर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसे नशे के कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।