तोकापाल में फाइलेरिया उन्मूलन का महाअभियान 10 फरवरी से, 25 तक चलेगा सामूहिक दवा सेवन

जगदलपुर | 4 फरवरी 2026
तोकापाल ब्लॉक को फाइलेरिया एवं कृमि रोग से मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के साथ तालमेल में 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक तोकापाल में सामूहिक दवा सेवन महाअभियान संचालित किया जाएगा। अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शंकरलाल सिन्हा की अध्यक्षता में अंतर-विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा कृषि विभाग के अधिकारियों ने भाग लेते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर तहसीलदार यशोदा केतारप भी उपस्थित रहीं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव ने बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह महाअभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। 10 से 12 फरवरी तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष बूथ लगाकर बच्चों एवं लक्षित समूह को दवा का सेवन कराया जाएगा। इसके बाद 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य अमला घर-घर जाकर लोगों को अपने समक्ष दवा खिलाएगा। वहीं, 23 से 25 फरवरी तक उन व्यक्तियों के लिए विशेष फॉलो-अप अभियान चलाया जाएगा जो किसी कारणवश पहले चरणों में दवा नहीं ले सके हैं।
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जागरूकता पर विशेष जोर दिया है। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व पूरे क्षेत्र में मुनादी कराई जाएगी तथा मशाल रैली निकालकर आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से नारा लेखन एवं सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस महाअभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें, ताकि तोकापाल ब्लॉक को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *