लोकनृत्य से लेकर क्रिएटिव रील चैलेंज तक युवाओं ने छोड़ी छाप, विजेताओं को मिला पुरस्कार; राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शुक्रवार को इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम के प्रशिक्षण हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। उत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे युवाओं और कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता, कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जगदलपुर महापौर संजय पाण्डे, जिला पंचायत सदस्य एवं खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज सहित सात विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में पारंपरिक वेशभूषा में छिंदावाड़ा की बिट्टो नाग और कुंम्बती मौर्य ने प्रथम तथा बास्तानार की ज्योति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में जगदलपुर के सोमनाथ कंवर प्रथम और बस्तर के लोकनाथ कश्यप द्वितीय रहे। क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में बास्तानार के शिव सेठिया ने पहला और जगदलपुर की साईमा ने दूसरा स्थान हासिल किया। कविता लेखन में जगदलपुर के कृष्णा राज प्रथम और भोजराज साहू द्वितीय रहे।
इसी तरह लोकनृत्य में दरभा के मानसाय एवं साथी प्रथम तथा किलेपाल के गणेश राम एवं दल द्वितीय रहे। लोकगीत में बास्तानार की बत्ती मंडावी ने प्रथम और दरभा की निरमनी नाग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में लोहण्डीगुड़ा के मैथिली करतामी एवं साथी प्रथम तथा जगदलपुर के जितेन्द्र एवं साथी द्वितीय रहे।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ उद्घोषक जी. श्याम, शतरंज संघ अध्यक्ष शशांक शेंडे, प्रोफेसर योगेन्द्र मोतीवाला सहित 22 सदस्यीय निर्णायक मंडल मौजूद रहा। समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी और सम्मान निधि देकर पुरस्कृत किया गया। दलीय स्पर्धाओं में प्रथम स्थान के लिए 4 हजार और द्वितीय स्थान के लिए 3 हजार रुपये, जबकि एकल स्पर्धाओं में प्रथम स्थान के लिए 1500 और द्वितीय स्थान के लिए 1000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 1 से 7 दिसंबर तक बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में बस्तर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।