भारत की अहमियत! नेपाल के PM बालेन शाह ने सबसे पहले भारतीय राजदूत से की मुलाकात, चीन के दूत का इंतजार

काठमांडू 10 अगस्त 2026नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात की। करीब चार महीने पहले प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह पहली बार है जब बालेन शाह ने किसी विदेशी राजनयिक के साथ अकेले आमने-सामने द्विपक्षीय बातचीत की है।

सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान भारत-नेपाल संबंधों, आपसी दोस्ती, साझा हितों, विकास साझेदारी और दोनों देशों के बीच जारी सहयोग को लेकर चर्चा हुई।

पीएम मोदी की ओर से दी शुभकामनाएं

भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री बालेन शाह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत की ओर से नेपाल के साथ मजबूत और बहुआयामी साझेदारी को और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

वहीं, बालेन शाह ने दोनों पड़ोसी देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने तथा साझा हितों वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर जोर दिया।

चीन और अमेरिका के राजनयिकों से भी होगी मुलाकात

बालेन शाह की भारतीय राजदूत से मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसके बाद उनकी चीनी राजदूत झांग माओमिंग के साथ भी आमने-सामने बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद मंगलवार को अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स स्कॉट अर्बोम से उनकी मुलाकात होगी।

इससे पहले बालेन शाह विदेशी राजदूतों के साथ व्यक्तिगत बैठक करने के बजाय समूह में बातचीत को प्राथमिकता देते रहे थे। ऐसे में भारतीय राजदूत के साथ उनकी पहली आमने-सामने मुलाकात को नेपाल की कूटनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

भारत-नेपाल के ऐतिहासिक रिश्तों के बीच बालेन शाह की यह मुलाकात दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवाद को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *