बारामती एयरपोर्ट पर फिर हादसा टला, टेक-ऑफ के दौरान रनवे से बाहर निकला ट्रेनिंग विमान

बारामती,10 अगस्त 2026। महाराष्ट्र के पुणे स्थित बारामती एयरपोर्ट पर रविवार 9अगस्त को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक ट्रेनिंग विमान टेक-ऑफ करते समय अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर निकल गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, VT-SEX प्रशिक्षण विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंद्रे सवार थे। दोपहर करीब 12:35 बजे विमान ने टेक-ऑफ का प्रयास किया। पहला प्रयास सफल नहीं हुआ। इसके बाद दोबारा टेक-ऑफ के दौरान विमान नियंत्रण से बाहर होकर रनवे की सीमा पार करते हुए दाईं ओर बनी पक्की सतह से बाहर निकल गया।

सात महीने पहले हुआ था बड़ा हादसा

बारामती एयरपोर्ट पर यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि करीब सात महीने पहले, 28 जनवरी 2026 को इसी एयरपोर्ट के पास एक Learjet 45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई थी।

प्रारंभिक जांच में हादसे के समय कम दृश्यता, रनवे के निशानों के धुंधले होने और ढीली बजरी जैसे पहलुओं का उल्लेख किया गया था।

मई में भी क्रैश हुआ था ट्रेनिंग विमान

बारामती में इसी साल 13 मई को भी एक प्रशिक्षण विमान हादसे का शिकार हुआ था। गोजुबावी गांव के पास लैंडिंग से पहले कम ऊंचाई पर उड़ रहा विमान बिजली के खंभे से टकरा गया था। उस घटना में प्रशिक्षु पायलट बाल-बाल बच गया था।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट के उन्नयन और सुरक्षा सुविधाओं को मजबूत करने की योजना भी बनाई गई है। इसमें रनवे विस्तार, स्वतंत्र ATC टावर, आधुनिक नाइट लैंडिंग सिस्टम, अग्निशमन केंद्र और सुरक्षा दीवार जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *