मौसम का डबल अटैक! छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में बिजली गिरने का यलो अलर्ट, तेज धूप और उमस से लोग परेशान

जगदलपु /11जुलाई 2026छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों की बारिश के बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। शनिवार सुबह से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। हालांकि प्रदेश में फिलहाल कोई बड़ा मानसूनी सिस्टम सक्रिय नहीं है, लेकिन स्थानीय नमी के कारण दोपहर और शाम के समय कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुई है। रायपुर सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से उमस और बढ़ सकती है।

पिछले 24 घंटों में रघुनाथ नगर, कुसमी और बड़ेबचेली में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *