ओडिशा के कंधमाल में माओवाद को बड़ा झटका: 55 लाख के इनामी स्टेट कमेटी सदस्य समेत 10 नक्सलियों ने किया सरेंडर

ओडिशा के कंधमाल जिला में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। राज्य समिति के सदस्य सानू पोट्टम उर्फ नीतू सहित 10 माओवादियों ने फुलबानी में एडीजी ऑपरेशंस ए.एन. ओडिशा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
सरेंडर करने वाले इन नक्सलियों पर कुल मिलाकर करीब 1.15 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इनमें सबसे बड़ा इनामी नक्सली सानू पोट्टम उर्फ नीतू है, जिस पर 55 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने पुलिस को 10 हथियार भी सौंपे।
पुलिस के अनुसार ये सभी माओवादी KKBN डिवीजन में सक्रिय थे और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं। सुरक्षा बलों के लगातार अभियान और बढ़ते दबाव के चलते उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
ओडिशा पुलिस ने इसे वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। पुलिस ने अन्य नक्सलियों से भी अपील की है कि वे हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं।
राज्य में नक्सलवाद के खात्मे के लिए ‘नक्सल मुक्त ओडिशा’ मिशन के तहत सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *