बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: ताड़पाला हिल्स से विस्फोटक जखीरा बरामद, 14 IED निष्क्रिय

बीजापुर, 13 फरवरी 2026।
जिले में माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के तहत थाना उसूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 बटालियन की संयुक्त टीम ने ताड़पाला हिल्स एरिया में सघन सर्च ऑपरेशन चलाते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी उपयोग की सामग्री बरामद की।
 जमीन के भीतर छिपाकर रखा था जखीरा
अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य सामग्री को बरामद किया गया।
 बरामद सामग्री में शामिल:
13 नग डेटोनेटर
11 किलोग्राम गन पाउडर
4 प्लास्टिक ड्रम
2 स्टील ड्रम
2 लोहे के ड्रम
माओवादी वर्दी, जूते, कैप
डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट
माओवादी साहित्य
 14 IED मौके पर ही निष्क्रिय
एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग कार्रवाई के दौरान 13 नग बीयर बोतल में प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाए गए IED और 1 डायरेक्शनल IED (लोहे के पाइप में निर्मित) बरामद किए गए। सभी IED को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया।
 माओवादी स्मारक भी ध्वस्त
अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित माओवादी स्मारक को भी सुरक्षाबलों द्वारा ध्वस्त किया गया।
सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक विश्वास की पुनर्स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *