बस्तर की बेटी एलिसीबा ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम, शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित

इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना में राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन, वैज्ञानिक सोच और नवाचार से हासिल की बड़ी उपलब्धि

जगदलपुर, 11 अक्टूबर 2026। बस्तर की होनहार छात्रा एलिसीबा ने अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। प्रतिष्ठित इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शनिवार को उन्हें सम्मानित कर इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने एलिसीबा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बस्तर जैसे वनांचल क्षेत्र की छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र की सीमाओं में बंधी नहीं होती। सही मार्गदर्शन, मेहनत और लगन से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने छात्रा के शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एलिसीबा की इस उपलब्धि से बस्तर जिले सहित पूरे प्रदेश के शैक्षणिक जगत में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि जिज्ञासा, रचनात्मक सोच और निरंतर प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *