सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय धमाका, CRPF के 4 जवान घायल; दो की हालत गंभीर

जगदलपुर/सुकमा, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बेकार और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक धमाका हो गया। इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो सहायक उप निरीक्षक (ASI) की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना गुरुवार, 8 अक्टूबर की शाम भेज्जी थाना क्षेत्र के एलारमाडगु सुरक्षा कैंप के पास हुई।

सुरक्षा कैंप से करीब 200 मीटर दूर हो रहा था विस्फोटकों का निस्तारण

मिली जानकारी के अनुसार, CRPF की 50वीं बटालियन की एम्युनिशन टेक्निकल टीम (ATT) जगदलपुर से कोंटा क्षेत्र के एलारमाडगु कैंप पहुंची थी। टीम का उद्देश्य क्षेत्र के विभिन्न कैंपों का निरीक्षण करने के साथ बेकार और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करना था।

इसी दौरान सुरक्षा कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपादर नाले के पास निर्धारित सुरक्षा नियमों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी। तभी एक विस्फोटक का टुकड़ा उड़कर पास में गिरा और उसमें धमाका हो गया। इसकी चपेट में आकर चार जवान घायल हो गए।

दो ASI गंभीर रूप से घायल

घायल जवानों की पहचान ATT टीम के सदस्य ASI एमके तिवारी और इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा के अलावा CRPF की 50वीं बटालियन के ASI अनीस खान और हेड कांस्टेबल कुलदीप राज के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ASI गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद सभी घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देकर कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *