दंतेवाड़ा में बचेली पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान: स्कूल में साइबर सुरक्षा का पाठ, नशा मुक्ति का संदेश और किरायेदार सत्यापन पर सख्ती

दंतेवाड़ा, 3 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात सुरक्षा, नशा मुक्ति और किरायेदार सत्यापन को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल, बचेली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताते हुए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ओटीपी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

जागरूकता कार्यक्रम के बाद स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई, जबकि सभी वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

इसी अभियान के तहत बचेली थाना परिसर में मकान मालिकों की बैठक आयोजित कर किरायेदारों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। पुलिस ने बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान नहीं देने, किरायेदारों के पहचान दस्तावेज सुरक्षित रखने, समाधान ऐप में जानकारी अपडेट करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

इस अवसर पर थाना प्रभारी अर्जुन पटेल, निरीक्षक राम अवतार पटेल, उपनिरीक्षक लोचन प्रसाद पैंकरा सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

बचेली पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर अपराध, नशे, यातायात नियमों के उल्लंघन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए सुरक्षित, जागरूक और अपराध-मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *