खेल मैदान पर कब्जे से भड़के ग्रामीण, तहसीलदार-नायब तहसीलदार को बनाया बंधक, मचा हड़कंप

बेमेतरा, 25 जुलाई 2026। जिले के थानखम्हारिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पदमी में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेल मैदान से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार को बंधक बना लिया। घटना के दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

जानकारी के अनुसार, तहसीलदार सरिता मढ़ारिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू राजस्व निपटारा शिविर में शामिल होने ग्राम पदमी पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के खेल मैदान पर हुए अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश के बीच दोनों अधिकारियों को कुछ समय तक वहां से जाने नहीं दिया गया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख इसकी सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया और अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों में अब भी नाराजगी बनी हुई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और राजस्व अमले की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *