नारायणपुर, 25 जुलाई। नारायणपुर जिले में नक्सलियों के मंसूबों पर संयुक्त सुरक्षा बलों ने एक बार फिर पानी फेर दिया है। ओरछा थाना क्षेत्र के पदगुंडा-करसेनार के दुर्गम जंगलों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा डंप बरामद किया गया। बरामद सामग्री में 12 बोर रायफल, मोर्टार शेल, कारतूस और अन्य युद्ध सामग्री शामिल है।
नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत बनाने और जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों की तलाश के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को कैंप पदमेटा से पदगुंडा-करसेनार की ओर संयुक्त टीम ने सघन जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध स्थान से नक्सलियों का छिपाया गया हथियारों का डंप बरामद हुआ।
सुरक्षा बलों ने मौके से एक 12 बोर रायफल, 55 नग 12 बोर कारतूस, चार स्थानीय निर्मित 51 मिमी मोर्टार शेल, 25 लोहे के भाले, एक बैटरी, एक स्टील कंटेनर तथा भाकपा (माओवादी) का झंडा जब्त किया। बरामद सभी सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह सामग्री नक्सलियों द्वारा भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या सुरक्षा बलों पर हमले के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी। हालांकि समय रहते बरामदगी होने से नक्सलियों की योजना विफल हो गई।
गौरतलब है कि नारायणपुर जिले में लगातार चल रहे संयुक्त अभियानों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नक्सली गतिविधियां लगातार कमजोर पड़ रही हैं। इसके बावजूद सुरक्षा बल किसी भी प्रकार की पुनर्सक्रियता को रोकने के लिए जंगलों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं और छिपाकर रखे गए हथियारों व विस्फोटकों की तलाश जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या नक्सल संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।