जकार्ता में भारत-इंडोनेशिया रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार: राष्ट्रपति प्राबोवो से आज अहम वार्ता करेंगे पीएम मोदी

जकार्ता 7जुलाई2026/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की जाएगी और रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल संपर्क, महत्वपूर्ण खनिज, व्यापार तथा निवेश सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा होगी।
वार्ता के दौरान दोनों नेता विभिन्न समझौता ज्ञापनों (MoU) के आदान-प्रदान के साक्षी भी बनेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का दिन औपचारिक स्वागत समारोह से शुरू होगा। इसके बाद वे अतिथि पुस्तिका पर हस्ताक्षर करेंगे, इंडोनेशियाई संसद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा प्रवासी भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को राष्ट्रपति प्राबोवो के निमंत्रण पर तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर जकार्ता पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्राबोवो ने स्वयं उनका स्वागत किया, जबकि इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने भारतीय विमान को हवाई सुरक्षा प्रदान की।
जकार्ता पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों की सराहना की। उन्होंने इंडोनेशियाई विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम, वायंग कुलित (छाया कठपुतली) के माध्यम से रामायण की प्रस्तुति तथा बौद्ध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा की। प्रवासी भारतीयों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इसके बाद वे अपनी तीन देशों की यात्रा के अगले चरण में ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का भी दौरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *