कसडोल की रहस्यमयी मौतों पर सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल… CBI या SIT जांच की मांग

26जून2026

छत्तीसगढ़  के बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र में हुई आठ लोगों की संदिग्ध मौतों का मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। मामले को लेकर कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने राज्य सरकार से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि इन मौतों की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) या विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

विधायक का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही संदिग्ध मौतों ने स्थानीय लोगों के बीच भय और तरह-तरह की आशंकाओं को जन्म दिया है। कुछ ग्रामीण तंत्र-मंत्र और तंत्रविद्या जैसी चर्चाएं भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक अफवाहों का दौर थमना मुश्किल है।

संदीप साहू ने सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की है कि अब तक कुल कितनी मौतें हुई हैं, उनकी परिस्थितियां क्या थीं और जांच किस स्तर पर पहुंची है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाने की बात कही है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मौतों के कारणों पर कोई अंतिम आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है। ऐसे में जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन मौतों के पीछे वास्तविक कारण क्या था। इस बीच मामला अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक चर्चा का भी केंद्र बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *