जगदलपुर, 09 जून 2026। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को बस्तर जिले में व्यापक स्तर पर महा रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों से लेकर सुदूर वनांचल के विकासखंडों तक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को रक्तदान के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक लोगों को इस जीवनदायी कार्य से जोड़ना है।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा जगदलपुर द्वारा जिले के सभी प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों और खंड चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव सह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने बताया कि रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को इसके महत्व से अवगत कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
जिले के प्रमुख रक्तदान शिविर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज और महारानी अस्पताल, जगदलपुर में आयोजित होंगे। वहीं ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में बस्तर, बकावंड, बड़ेकिलेपाल, दरभा, तोकापाल, लोहंडीगुड़ा और नानगुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी विशेष रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं ब्लॉक अध्यक्षों को अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षित रक्त की उपलब्धता कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचा सकती है और रक्तदान समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। इसी संदेश के साथ जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की गई है।
विश्व रक्तदाता दिवस पर बस्तर में महा रक्तदान अभियान, जिला से लेकर वनांचलों तक लगेंगे शिविर