बरेली में तूफान का तांडव: टीनशेड संग हवा में उड़ा युवक, 4 की मौत से दहला जिला

14मई2026

उत्तर प्रदेश के बरेली में आए भीषण चक्रवाती तूफान ने ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर दिया, जिसने लोगों को दहशत में डाल दिया। तेज आंधी और बवंडर के बीच एक युवक टीनशेड के साथ हवा में उड़ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिलेभर में तूफान से मची तबाही में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नन्हे मियां नाम का युवक एक बारातघर की उड़ती टीनशेड को पकड़कर रोकने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक तेज बवंडर उठा और युवक को टीन समेत कई फीट ऊपर उछाल दिया। कुछ दूरी पर गिरने से उसके हाथ-पैर गंभीर रूप से टूट गए। घायल युवक को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
तूफान का असर पूरे जिले में देखने को मिला। कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, बिजली के पोल सड़क पर गिर पड़े और कई मकानों की छतें उड़ गईं। घंटों तक बिजली व्यवस्था ठप रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई मवेशियों की भी मौत होने की खबर सामने आई है।
Bhamora थाना क्षेत्र के हररामपुर गांव में दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची देवकी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी नीम के पेड़ की सूखी टहनी उसके ऊपर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवार में मातम पसरा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसी तरह नितोई गांव में तेज हवाओं के दौरान उड़कर आई लकड़ी की भारी बल्ली एक वृद्ध महिला गोमती देवी के सिर पर जा लगी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जर्जर पेड़ों और कमजोर ढांचों की शिकायत पहले भी प्रशासन से की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि सूखे और खतरनाक पेड़ों को तुरंत हटाया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें। फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है तथा क्षतिग्रस्त इलाकों में हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *