इश्क का खौफनाक अंजाम: रेलवे ट्रैक पर मिली प्रेमी जोड़े की लाश, इलाके में सनसनी

6मई2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े की रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना डौण्डी थाना क्षेत्र के गोटूलमुण्डा के पास दल्ली राजहरा–भानुप्रतापपुर रेल लाइन पर हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
मृतकों में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की और 20 वर्षीय युवक शामिल हैं, जो कथित तौर पर एक-दूसरे के प्रेम संबंध में थे। दोनों एक दिन पहले अपने घरों से अचानक लापता हो गए थे, जिसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। लेकिन अगले ही दिन रेलवे ट्रैक पर उनकी लाश मिलने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों खुद ही वहां पहुंचे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इस घटना के पीछे पारिवारिक या सामाजिक दबाव तो वजह नहीं बना।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, इस तरह के मामलों ने एक बार फिर समाज के सामने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों युवा प्रेमी जोड़े ऐसे खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर हो जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *