ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने की पहल: करेकोट में आजीविका डबरी निर्माण शुरू, मछली पालन व खेती से बढ़ेगी आय

जगदलपुर, 07 मार्च 2026।
बस्तर जिले के जनपद पंचायत लोहण्डीगुडा अंतर्गत ग्राम पंचायत करेकोट में ग्रामीण हितग्राहियों की आजीविका सशक्त करने की दिशा में व्यक्तिगत आजीविका डबरी निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें स्थायी आय के साधनों से जोड़ना है।
डबरी निर्माण के माध्यम से हितग्राही मछली पालन, साग-सब्जी उत्पादन, पशुपालन तथा अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। ग्राम पंचायत करेकोट के निवासी पीलाराम सहित अन्य हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
हितग्राही पीलाराम का कहना है कि शासन की यह पहल निर्धन किसान परिवारों के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि डबरी निर्माण पूर्ण होने के बाद वे मछली पालन के साथ-साथ साग-सब्जी की खेती करेंगे और डबरी के मेड़ पर केला एवं पपीता जैसे उद्यानिकी पौधे भी लगाएंगे, जिससे आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार होंगे।
आजीविका डबरी निर्माण योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ दीर्घकालीन आय का साधन प्रदान करना है। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है। डबरी बनने के बाद हितग्राही परिवारों को जल स्रोत की स्थायी सुविधा मिलेगी, जिससे वे वर्षभर कृषि और अन्य आजीविका गतिविधियाँ संचालित कर सकेंगे।
ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं हितग्राही परिवार भी अपने उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए निर्माण कार्य में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *