जगदलपुर, 9 फरवरी 2026।
प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से परिपूर्ण बस्तर की झलक सोमवार को संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम 2026 के समापन समारोह में देखने को मिली। समारोह में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत जगदलपुर के हजारों स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने लोकप्रिय गीत “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसमें बस्तर की प्रकृति, परंपरा और संस्कृति को सजीव रूप में मंच पर उतारा गया। स्कूली बच्चों की इस शानदार प्रस्तुति ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी भावविभोर कर दिया और उन्होंने ताली बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं द्वारा मलखंब का साहसिक और अनुशासित प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी अमित शाह ने विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए बच्चों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियां बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित अतिथियों ने भी बच्चों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
उल्लेखनीय है कि “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत हिंदी और हल्बी बोली में रचित है, जिसमें बस्तर की बादल अकादमी के कलाकारों ने स्वर और संगीत दिया है। वहीं, दायरा बैंड द्वारा आधुनिक संगीत के साथ इसे नया स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे गीत को युवाओं और आमजन के बीच विशेष लोकप्रियता मिली है।
स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति से अभिभूत हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, ताली बजाकर बढ़ाया हौसला