रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास के मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया। व्यक्ति ने वहां खड़े कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। इस घटना में 112 एंबुलेंस का शीशा भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुरक्षा कर्मियों से हुई झूमाझटकी
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री निवास के मुख्य गेट के पास व्यक्ति को उत्पात मचाते देख वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान व्यक्ति और सुरक्षा कर्मियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
गोली चलने की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की चर्चा भी सामने आई, लेकिन सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवांगन के मुताबिक, मौके पर गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिया गया व्यक्ति प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।