रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 31वीं किस्त, 67.28 लाख बहनों के खातों में पहुंची राशि

रायपुर, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए खुशियों की सौगात पहुंची है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 67.28 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। एक हजार रुपये की यह राशि त्योहार से पहले मिलने से महिलाओं में खुशी का माहौल है।

एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के ग्राम नागपुर निवासी पदमनी वैष्णव भी राशि खाते में पहुंचने से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले मिली आर्थिक सहायता से राखी, मिठाई और फल जैसी जरूरी चीजें खरीदने में सुविधा होगी और वे परिवार के साथ त्योहार को और खुशी से मना सकेंगी।

पदमनी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपनी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं के लिए परिवार पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहतीं। उनके अनुसार, त्योहार के मौके पर मिली यह राशि आर्थिक सहयोग के साथ-साथ महिलाओं के आत्मविश्वास को भी बढ़ाती है।

उन्होंने समय पर 31वीं किस्त की राशि उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पदमनी ने कहा कि सरकार की इस पहल से बहनों के त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *