लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भीषण भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत

बैरिकेडिंग टूटते ही मची अफरा-तफरी, 12 श्रद्धालु घायल; सावन की तीसरी सोमवारी पर उमड़ी थी करीब 50 हजार लोगों की भीड़

लखीसराय, 17 अगस्त। 2026बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर (श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर) में सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में अचानक भगदड़ मचने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में सभी महिलाएं शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6:30 बजे श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े थे, इसी दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और भीड़ बेकाबू हो गई। देखते ही देखते श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। हादसे के वक्त मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी की बात सामने आई है।

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, सुबह दो ट्रेनों के स्टेशन पर पहुंचने के बाद मंदिर की ओर श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई थी। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन भगदड़ के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है और मृतकों व घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या और हादसे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *