गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 3 अगस्त 2026। बिलासपुर जिले के बांसा झाल के समीप पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। आमजन की सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू करते हुए डायवर्सन प्लान जारी किया है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर तैयार किए गए इस डायवर्सन प्लान के अनुसार मरवाही से बिलासपुर जाने वाले भारी वाहन व्याहादृ–कोटमी–कटघोरा मार्ग से होकर बिलासपुर जाएंगे। वहीं अनूपपुर की ओर से बिलासपुर जाने वाले भारी वाहन गौरेला–पेंड्रा मार्ग से व्याहादृ–कोटमी–कटघोरा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
इसके अलावा छोटे वाहनों के लिए गौरेला–पीपरखूंटी–खोंगसरा मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
कलेक्टर विजय दयाराम के. एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने सभी वाहन चालकों और नागरिकों से निर्धारित डायवर्सन मार्ग का पालन करने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। प्रशासन ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मार्ग पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यात्रा करें, जिससे आवागमन सुरक्षित और बाधारहित बना रहे।