दरभा में रैंप योजनांतर्गत बीडीएसपी एवं डिजिटल इंटीग्रेशन कार्यशाला का आयोजन

जगदलपुर, 28 जुलाई 2026/ भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा छत्तीसगढ़ शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के अंतर्गत केंद्र सरकार की रैंप (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के प्रदर्शन को बढ़ाना और तेज़ करना) योजना के तहत जनपद पंचायत दरभा में ‘व्यवसाय विकास सेवा प्रदाता एवं डिजिटल इंटीग्रेशन कार्य का सफल आयोजन किया गया। सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यशाला का मुख्य ध्येय बस्तर के सुदूर क्षेत्रों के स्थानीय उद्यमियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों और स्वयं सहायता समूहों को व्यवसाय विकास सेवाओं, डिजिटल तकनीकों, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स, ऑनलाइन मार्केटिंग तथा सरकारी डिजिटल पोर्टल से जोड़कर उनके उत्पादों को अधिक प्रतिस्पर्धी और बाजारोन्मुख बनाना है। इस कार्यशाला में क्षेत्र के 40 से अधिक उद्यमियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम प्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने डिजिटल एवं सोशल मीडिया मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, ऑनलाइन पेमेंट प्रणाली, वित्तीय अनुशासन और सरकारी ऋण योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण व व्यावहारिक जानकारियां दीं। प्रतिभागियों ने विशेष रूप से बस्तर के स्थानीय व पारंपरिक छत्तीसगढ़ी उत्पादों जैसे अचार, बड़ी, पापड़, मसाले एवं अन्य घरेलू सामग्रियों को डिजिटल माध्यमों से वैश्विक बाजार तक पहुँचाने में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने व्यवसाय की गुणवत्ता में सुधार, बेहतर पैकेजिंग, आकर्षक ब्रांडिंग और बाजार विस्तार के रणनीतिक पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए सभी को उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण से उत्साहित प्रतिभागियों ने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे व्यावहारिक और डिजिटल आधारित प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मास्टर ट्रेनर बीरसिंह चतुर्वेदी, जिला समन्वयक अजय कुमार साहू, बीपीएम शीला कुजूर, एरिया कोऑर्डिनेटर ममता नाग तथा पीआरपी सुरेंद्र कुमार का विशेष योगदान रहा, और अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोग कर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *