जगदलपुर। 16जुलाई 2026बस्तर पुलिस ने गुंडागर्दी कर मजदूर से लूटपाट करने वाले एक आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को इलाके का “दादा” बताते हुए मजदूर और उसके साथी के साथ मारपीट की तथा नकदी और दस्तावेज लूट लिए थे।
पुलिस के अनुसार मारडूम निवासी सुखराम मड़ावी मजदूरी का काम करता है और करीब दो महीने हैदराबाद में काम करने के बाद अपने गांव लौट रहा था। मेहनत-मजदूरी से जमा किए गए 21,300 रुपये और आधार कार्ड उसने अपने पर्स में रखे थे। 15 जुलाई को जगदलपुर के नए बस स्टैंड पहुंचने के बाद वह अपने दोस्त के साथ खड़ा था, तभी एक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए खुद को इलाके का “दादा” बताने लगा।
आरोप है कि युवक ने दोनों को धमकाते हुए पैसे मांगने शुरू कर दिए। विरोध करने पर उसने दोनों के साथ मारपीट की और सुखराम के पास मौजूद 21,300 रुपये तथा आधार कार्ड से भरा पर्स लूट लिया। जाते समय आरोपी ने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मुकेश ध्रुव (20 वर्ष), निवासी गांधीनगर, जगदलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से खर्च किए गए पैसों के बाद बचे 17 हजार रुपये, आधार कार्ड और पर्स बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गुंडागर्दी और लूटपाट जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।