अरुणाचल में बारिश बनी आफत, फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही; शिक्षिका की मौत, 4 लोग लापता

ईटानगर, 25 जून 2026।
अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कीयी पन्योर जिले के पूसा स्थित एनईईपीसीओ (NEEPCO) कॉलोनी के पास 24 जून को आई अचानक फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। इस हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं। राहत एजेंसियां लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।

प्रशासन के मुताबिक, मृतक की पहचान निर्मला गुप्ता के रूप में हुई है। वहीं एलेश मराक, बलारी मराक, ताओ अंजिना और सौरव कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। 25 जून की सुबह होते ही एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने एक बार फिर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनी हुई है।

फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से 18 मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक महत्वपूर्ण राजमार्ग का पुल भी बह गया। कई स्थानों पर भूस्खलन होने से प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई इलाके दूसरे क्षेत्रों से कट गए हैं। इस आपदा में 17 लोग घायल हुए हैं, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पड़ोसी राज्य असम में भी प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है, क्योंकि लगातार हो रही बारिश से वहां भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *