गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का खतरनाक जखीरा बरामद, सुरक्षा बलों ने मौके पर ही किया ध्वस्त

कुकर और टिफिन आईईडी समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली, बड़ी साजिश नाकाम

गरियाबंद।13जून26/ छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों के एक खतरनाक विस्फोटक डंप का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन में भारी मात्रा में आईईडी, विस्फोटक सामग्री, हथियारों से जुड़ा सामान और अन्य उपयोगी वस्तुएं बरामद की गईं, जिन्हें बम निरोधक दस्ते (BDS) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम ने मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ी घाट कैंप से करीब 10 किलोमीटर दूर दादई पानी के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। 12 जून 2026 को दोपहर लगभग 12:25 बजे अभियान के दौरान जवानों को एक संदिग्ध डंप दिखाई दिया, जिसके नक्सलियों द्वारा छिपाए जाने की आशंका थी।
तलाशी में 15 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 1.5 किलोग्राम गनपाउडर, जिलेटिन रॉड, लगभग 4 किलोग्राम का कुकर आईईडी, 5 किलोग्राम का टिफिन आईईडी, छह बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर डिवाइस, एक इंसास मैगजीन के साथ दवाइयां और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद हुई। बरामद सामग्री से अंदाजा लगाया जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे।
सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी विस्फोटक उपकरणों को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़े खतरे को टाल दिया गया है। वहीं, नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *