अफीम को ‘शिलाजीत’ बताकर बचने की कोशिश, 66 हजार की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

2जून2026

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर अफीम की सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसने बरामद मादक पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच में वह अफीम निकली।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गोयल बाड़ी तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जगदीश चौधरी (29 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से जोधपुर (राजस्थान) का निवासी है और वर्तमान में जगदलपुर के कुम्हारपारा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 133.3 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। आरोपी ने इसे शिलाजीत बताकर बचने का प्रयास किया, लेकिन एफएसएल किट से परीक्षण कराने पर पदार्थ अफीम पाया गया। पूछताछ में आरोपी इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और अवैध रूप से इसकी बिक्री करने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अफीम को जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 66,500 रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

बस्तर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *