VIP काफिले के लिए रुका ट्रैफिक, गर्भवती पत्नी के साथ फंसे युवक का सड़क पर धरना; VIDEO वायरल

1जून2029

बेंगलुरु। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत के काफिले के गुजरने के दौरान ट्रैफिक रोकने को लेकर बेंगलुरु में एक अनोखा विरोध देखने को मिला। शहर के HAL क्षेत्र में एक युवक बीच सड़क पर बैठ गया और पुलिस के समझाने के बावजूद उठने से इनकार कर दिया। युवक का कहना था कि वह अपनी गर्भवती पत्नी के साथ कार में फंसा हुआ है और लंबे समय से ट्रैफिक खुलने का इंतजार कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की है। HAL इलाके में अंडरपास निर्माण कार्य पहले से चल रहा था, जिससे यातायात प्रभावित था। इसी बीच राज्यपाल के काफिले की आवाजाही के लिए सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक रोक दिया गया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बड़ी संख्या में लोग जाम में फंस गए।

इसी दौरान एक युवक का धैर्य जवाब दे गया। वह अपनी कार से बाहर निकला और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगा। उसने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसे जरूरी काम से जाना है और उसकी गर्भवती पत्नी कार के अंदर इंतजार कर रही है। युवक की नाराजगी का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो में युवक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए दिखाई दे रहा है। कई लोगों ने उसके विरोध को आम नागरिकों की परेशानी का प्रतीक बताया। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने सवाल उठाया कि वीआईपी मूवमेंट के नाम पर आम जनता को लंबे समय तक परेशान करना कितना उचित है।

घटना के बाद वीआईपी कल्चर और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा और आपात परिस्थितियों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। खासकर तब, जब जाम में बुजुर्ग, मरीज, गर्भवती महिलाएं और बच्चों वाले परिवार फंसे हों।

फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इसे वीआईपी व्यवस्था बनाम आम नागरिकों की परेशानी के रूप में देख रहे हैं। यह घटना एक बार फिर इस बहस को सामने ले आई है कि क्या वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक रोकने की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *