11मई2026
जगदलपुर/बकावंड
बस्तर जिले के बकावंड अनुभाग अंतर्गत संचालित सात शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए प्रशासन ने नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए हैं। विभाग द्वारा पूर्व में किए गए संलग्नीकरण को निरस्त करते हुए अब ग्राम भेजरीपदर, बदलावण्ड, टलनार, बनियागांव, तारापुर, ढोढरेपाल और तुंगापाल की राशन दुकानों के संचालन हेतु पात्र संस्थाओं से आवेदन मांगे गए हैं।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बकावंड कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार राशन दुकान संचालन के लिए केवल निर्धारित श्रेणी की संस्थाएं ही आवेदन कर सकेंगी। इनमें बृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां (लेम्पस), ग्राम पंचायतें, पंजीकृत महिला स्व सहायता समूह, वन सुरक्षा समितियां एवं अन्य पंजीकृत सहकारी समितियां शामिल हैं। महिला स्व सहायता समूहों के लिए यह शर्त रखी गई है कि उनका पंजीयन विज्ञापन जारी होने की तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व का होना अनिवार्य है।
आवेदन के साथ बैंक खाते की जानकारी, अंतिम जमा राशि की प्रति, पंजीयन प्रमाण पत्र एवं संचालक मंडल के प्रस्ताव सहित अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करना होगा। इच्छुक संस्थाएं अपने आवेदन कार्यालयीन समय में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय बकावंड, जिला बस्तर में 15 मई 2026 तक जमा कर सकती हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्रशासनिक स्तर पर माना जा रहा है कि नई व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुचारू एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।