जगदलपुर, 25 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर का धरमपुरा क्रीड़ा परिसर जनजातीय खेल प्रतिभाओं के महाकुंभ का गवाह बनने जा रहा है। 30 मार्च से शुरू होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में देशभर के 26 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ♂️
रायपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव की उपस्थिति में इस राष्ट्रीय आयोजन का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का रोमांच देखने को मिलेगा।
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड के खिलाड़ी भी भाग लेंगे। केंद्र शासित प्रदेश अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप के एथलीट भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
30 मार्च से 2 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में ट्रैक और फील्ड की कई स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इसमें 100 मीटर से लेकर 10 हजार मीटर दौड़, रेस वॉक, बाधा दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, चक्का फेंक, गोला फेंक और भाला फेंक जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
धरमपुरा में सजेगा जनजातीय खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ, देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम