जगदलपुर, 21 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार 22 फरवरी को बस्तर जिले में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 2841 अभ्यर्थियों के लिए जगदलपुर शहर के 7 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से मजबूत रखी गई है।
सबसे अधिक 541 परीक्षार्थी शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धरमपुरा में परीक्षा देंगे, जबकि जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके अलावा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 (गीदम नाका) और स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 400-400 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई है। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय तथा महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300-300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। 400 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्रों पर 3 पुरुष और 3 महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।
निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने उड़नदस्ता दल भी गठित किए हैं। विभिन्न परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
आयोग ने परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। जूते या मोटे सोल वाले फुटवियर पर प्रतिबंध रहेगा, केवल पतले सोल की चप्पल या स्लीपर की अनुमति होगी। गहरे रंग के कपड़े, कार्गो या डिजाइनर परिधान वर्जित रहेंगे।
महिला अभ्यर्थियों को आधी बांह की कुर्ती-सलवार-दुपट्टा पहनने की अनुमति है। विवाहित महिलाएं केवल एक नोज पिन और मंगलसूत्र पहन सकती हैं, जिसकी जांच की जाएगी।
मोबाइल फोन, घड़ी, कैलकुलेटर या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे उपकरण मिलने पर अनुचित साधन का मामला दर्ज किया जाएगा।
समय से पहले पहुंचना अनिवार्य
प्रत्येक पाली के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी केवल एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और नीला/काला बॉलपॉइंट पेन ही साथ ले जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर दो पासपोर्ट फोटो भी साथ रखना होगा। सुरक्षा के लिए केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे।
सीजीपीएससी प्री एग्जाम कल: बस्तर में 7 सेंटर पर 2841 उम्मीदवार, कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा