9जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर समेत 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र तथा सक्रिय मानसूनी तंत्र के कारण प्रदेश में मौसम का रुख बदला है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, जशपुर और कांकेर में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लगातार बारिश से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव और उत्तर छत्तीसगढ़ में वज्रपात का खतरा बना रहेगा।