जगदलपुर, 30 जून। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के जैतगिरी, सरगीपाल, गिरोला, डुरकाबेड़ा और बदलावंड गांवों में जल अर्पण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने डबरी और तालाब निर्माण को बढ़ावा देने, पेयजल स्रोतों के आसपास सोख्ता गड्ढे बनाने, घरों में उपयोग किए गए पानी का किचन गार्डन में पुनः उपयोग करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। जल संरक्षण का संदेश देने के लिए गांवों में जागरूकता रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम में महिला जल वाहिनी की सदस्याओं ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता फैलाने पर जोर दिया। वहीं जल जीवन मिशन की आईईसी विशेषज्ञ ज्योत्सना सूना ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल, जल स्रोतों की स्वच्छता, नियमित जल कर भुगतान, सोख्ता गड्ढों की उपयोगिता, पौधरोपण और जल संसाधनों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर पांचों ग्रामों के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, महिला जल वाहिनी की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित यह कार्यक्रम जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता और जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बना।
बकावंड के पांच गांवों में जल अर्पण दिवस: ग्रामीणों ने जल संरक्षण का लिया संकल्प, निकाली जागरूकता रैली