नई दिल्ली, 3 अगस्त 2026। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में 11 दिनों तक चले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का भव्य समापन हो गया। समापन समारोह के साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स के शताब्दी संस्करण (2030) की मेजबानी आधिकारिक रूप से भारत को सौंप दी गई। वर्ष 2030 में यह प्रतिष्ठित खेल आयोजन गुजरात के अहमदाबाद में होगा।
क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान स्कॉटलैंड के अधिकारियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स का आधिकारिक ध्वज और बैटन भारतीय प्रतिनिधिमंडल को सौंपा। यह पल भारत के लिए गौरव का क्षण रहा, क्योंकि देश दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। इससे पहले भारत ने वर्ष 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का सफल आयोजन किया था।
39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत
ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक अपने नाम किए। दमदार प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया।
अहमदाबाद में होगा ऐतिहासिक आयोजन
साल 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित होने वाले शताब्दी संस्करण की मेजबानी अहमदाबाद को मिलने से देश में खेल अवसंरचना, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।